गुरुवार, 30 जुलाई 2020

153-आके मिल जाओ


डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री'



शाम -ए -महफ़िल है- मेरे दिल के मेहमान हो तुम।
मेरी चाहत है समंदर! फिर क्यों परेशान हो तुम?

सबने मुख मोड़ लिया, आँखें हैं नम, व्याकुल मन
दीप आँधी में जला लूँगी  कि मेरे भगवान हो तुम।


आके मिल जाओ- बादलों से गिर रही रिमझिम,
जानेमन,  जानेचमन, जानेवफ़ा, मेरी जान हो तुम।
       
 प्रियतम! दीपों की टोली, तुम रंग भी हो रंगोली।
 थाल पूजा का हो पावन कि मेरे घनश्याम हो तुम।

मंगलवार, 28 जुलाई 2020

152-पत्थरों से लड़ी मैं


 डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री'


धड़कने बदलतीं  करवटें आजकल।   
 चाँद के भाल पर सलवटें आजकल।

यों तो अपना था वो मेरा, दोस्तों!     
महफिलों की जुबाँ नफ़रतें आजकल। 

आँखें हैं मौन , दिल भी खामोश है।
 देखो  सदमें में  गुरबतें आजकल।

 जिसे देखो वह रंग-रलियों में है।
 अब ना राँझे- सी   उल्फ़तें आजकल। 

पत्थरों से लड़ी मैं नदी की तरह।
उसकी सागर- सी हरक़तें आजकल।

बस समंदर ही था इक राहे- सफ़र।
नदी से उसे मोहब्बतें आजकल।

सोमवार, 27 जुलाई 2020

151- आज ये मन

डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री 
 कुमार सानू के साथ मेरी  आवाज़ में  युगल गीत सुनने के लिए स्वर-लहरी के इस   लिन्क को क्लिक कीजिए-
तुम देना साथ मेरा

शुक्रवार, 24 जुलाई 2020

150-इस सावन


डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री



 अन्तर्मन के अन्तर्गत मेरी  अन्य रचनाएँ पढने के लिए निम्नलिखित लिंक को क्लिक कीजिए-





149-आज ये मन

डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री, 
मेरी  आवाज़ में गीत सुनने के लिए इस लिन्क को क्लिक कीजिए-

मुझे दे दो        

सोमवार, 20 जुलाई 2020

148-अभिरंजित काया



 डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री, 

'रात की रानी' महक रही थी,


पिय आलिंगन बहक रही थी।

सपने सजाए, मधु-गीत गाए,
निज अधर धरे नैना उलझाए।

रख हृदय पर पिय के शीश।
माँगा अंजुरीभर शुभाशीष।

साँस- साँस तक नित प्रसार,
अभिरंजित काया अभिसार।

अहं मिटाया, किया समर्पण,
झाँका प्रिय आँखों में दर्पण।

नित बैठे पिय क्यों अहं धरे?
नेहडोरी टूटी औ सपने बिखरे।

न जाने थी कुटिल कौन घड़ी?
सिसकी रोकर वह मौन बड़ी।

न भावे- कहाँ वे मन-वचन गए।
क्यों तन-मन-जीवन रुदन भए।

दिन चार जीवित, बँधो भुजपाश,
तन-मन इक कर, झूलें आकाश।


शुक्रवार, 17 जुलाई 2020

147-दो बाल कविताएँ


1- वीरांगना तीलू रौतेली
डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री'

साढ़े तीन सौ साल पुरानी,
यह गढ़वाल की है कहानी।
सुनकर तुम रखना बच्चो ध्यान,
तीलू रौतेली गाथा महान।

धम्मशाही  एक  राजा दुष्ट,
खैरागढ़ की प्रजा हुई रुष्ट।
तीलू  पिता  भुप्पू गोराला
जिन्होंने रणबिगुल बजा डाला।

युद्ध में दो पुत्रों को लेकर
भुप्पू माने प्राण ही देकर।
धम्मशाही का बड़ा अहम,
अन्याय नहीं  हो पाया खत्म।

चौदह बरस की छोटी उमर,
मन में तीलू के नहीं था डर।
कांडा मेले जाना हठ करे;
वही मैदान  जहाँ पिता मरे।

माँ ने  उसको बहुत समझाया;
लेकिन तीलू को नहीं भाया।
वीरबाला तीलू ने ठाना-
पिता के हर शत्रु को  हराना।

सखी साथियों को संग लेकर,
सेना एक बनाई भयंकर।
जीता तीलू ने  खैरागढ़;
मातृभूमि साथ बड़े कई गढ़।

तीलू को रण की चढ़ी थकान;
नयार नदी में  ज्यों किया स्नान।
घात लगाए सैनिक दो-चार;
किया निहत्थी तीलू पर वार।

नयार खून से हो गई  लाल
घायल तीलू हो गई  निढाल।
देवी-रूप वीरांगना वह महान
याद रखना तीलू  का बलिदान।

तुम भी ऐसे ही बन जाना,
हर शत्रु को यों मार भगाना।
कभी न युद्ध में पीठ दिखाना
मातृभूमि की शपथ निभाना।
-0-
2-मेरी गुड़िया
डॉ.कविता भट्ट 'शैलपुत्री'


मैया! खिली कलियाँ केली की;
ज्यों डोली गुड़िया अलबेली की।
नन्ही चिड़िया उड़ती फूलों पर
झूलती टहनी  के झूलों पर।

केली पर लटकी बेल चमेली,
झूमर बारात सजी सहेली।
मेरी गुड़िया है आज उदास;
जाना उसको  गुड्डे के पास।

वहाँ नहीं मिलेगा  ये बिस्तर;
मोबाइल, गेम ना  कम्प्यूटर।
फिर  यह कैसे यह वहाँ रहेगी।
मुझसे दूरी कैसे सहेगी?

इसे तो  मैं खूब पढाऊँगी,
अपने हाथों से सजाऊँगी।
पढ़ाई करके  बड़ी बनेगी
सबके भलाई सदा करेगी ।

मंगलवार, 7 जुलाई 2020

कोरोना महामारी में मृत्यु से अमरता की ओर ...


कविता भट्ट 'शैलपुत्री

कोरोना पेंडमिक की इस त्रासदी में , उन लोगों ने  भी भारतीय संस्कृति के एक छोटे से अभिवादन
की अभिव्यक्ति के शब्द; नमस्कार को अपनाया , जो हमारी संस्कृति को पिछड़ी और आउट डेटेड कहकर हमारा मजाक उड़ाते रहते थे। स्वर्ण कीचड़ में हो या अपने परिष्कृत रूप में उसका मूल्य नहीं बदलता ,यही हाल हमारी गौरवशाली सनातन भारतीय संस्कृति का भी है ।

संस्कृति' शब्द संस्कृत भाषा की धातु 'कृ' (करना) से बना है। इस धातु से 3 शब्द बनते हैं-  'प्रकृति' (मूल स्थिति), 'संस्कृति' (परिष्कृत स्थिति) और 'विकृति' (अवनति स्थिति)। 

'संस्कृतिका शब्दार्थ है- उत्तम या सुधरी हुई स्थिति ;यानी कि किसी वस्तु को यहां तक संस्कारित और  परिष्कृत करना कि इसका अंतिम उत्पाद हमारी प्रशंसा और सम्मान प्राप्त कर सके। सामान्य अर्थ में आधिभौतिक संस्कृति को संस्कृति और भौतिक संस्कृति को सभ्यता के नाम  से अभिहित किया जाता है। संस्कृति के ये दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिन्न होते हैं। संस्कृति  आभ्यंतर है, इसमें परंपरागत चिंतन, कलात्मक अनुभूति, विस्तृत ज्ञान एवं धार्मिक आस्था का  समावेश होता है। यदि इसे और सरलतम शब्दों में  अनुवादित किया जाए, तो जो बिगड़े को परिष्कृत(सुधार) करके अच्छे में बदल दे ;वही संस्कृति है ।

हमारा धर्म चार वेद स्तम्भों पर आधारित है । जिन्हें आज की पीढ़ी को ये बताकर पढ़ने से रोक दिया जाता है ,कि ये बस पूजा पाठ करने की किताबें हैं । इनको मात्र किताबें ...... ग्रंथ तक कहने में इन्हें शर्म आती है ,शायद हम यह भूल जाते है कि कभी इन पूजा पाठ की किताबों से ही संस्कृति सभ्यता और हमारे अपने सनातन हिन्दू धर्म, और हिन्दू होने की प्रमाणिकता सिद्ध होती है। 

वेदों के चार भाग हैं -  ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद। ऋग-स्थिति, यजु-रूपांतरण, साम-गति‍शील और अथर्व-जड़। ऋक को धर्म, यजुः को मोक्ष, साम को काम, अथर्व को अर्थ भी कहा जाता है। इन्ही के आधार पर धर्मशास्त्र, अर्थशास्त्र, कामशास्त्र और मोक्षशास्त्र की रचना हुई। ये आपको हर जगह मिल जाएगा ,अब कुछ अलग-अलग जानते हैं, शुरुआत करते हैं ऋग्वेद से । 

ऋग्वेद का उपवेद ( शाखा ) है ;आयुर्वेद ......

आयुर्वेद को लोग आजकल जड़ी बूटी वाला इलाज मानकर इसको न सुनने को तैयार हैं न पढ़ने को ।  आयुर्वेद का एक ग्रन्थ है; वृहत्त्रयी, जो चरकसंहिता, सुश्रुतसंहिता और अष्टाङ्गहृदयम् ग्रंथो को मिलाकर बना है । आज हम बस अष्टाङ्गहृदयम् की बात करेंगे, जो वाग्भट्ट जी द्वारा रचित है।  अष्टांगहृदय में आयुर्वेद के सम्पूर्ण विषय- काया , शल्य, शालाक्य आदि आठों अंगों का वर्णन है ।

अष्टांगहृदय में 6 खण्ड, 120 अध्याय एवं कुल 7120 श्लोक हैं। अष्टांगहृदय के छः खण्डों के नाम निम्नलिखित हैं-

1) सूत्रस्थान ( 30 अध्याय )
2) शरीरस्थान (6अध्याय)
3) निदानस्थान (16 अध्याय)
4) चिकित्सास्थान (22 अध्याय)
5) कल्पस्थान (6 अध्याय)
6) उत्तरस्थान (40 अध्याय)

इसमें से सूत्रस्थान में दिनचर्या, रात्रिचर्या, ऋतुचर्या, का वर्णन है। दिनचर्या से तात्पर्य आहार, विहार और आचरण के नियमों से है।
यहाँ तक कि नियमित क्या दिनचर्या होनी चाहिए ,इसके बारे में तक 11 अध्याय हैं । जिनका यदि पालन किया जाए ,तो कोई भी बीमारी हमे हो ही नहीं सकती है ।

1) प्रातःउत्थान ,2) मलोत्सर्ग ,3) दन्तधावन, 4) नस्य ,5) गण्डूष (मुँहधावन क्रिया/कुल्ले करना), 6) अभ्यंग (तैल मालिस) , 7) व्यायाम, 8) स्नान,  9) भोजन , 10) सद्वृत्त,  11) निद्रा (शयन)। 

वैज्ञानिक पुष्टि की बात की जय तो जेफरी सी हॉल, माइकल रोसबाश और माइकल डब्ल्यू यंग को चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए साल 2017 में नोबेल पुरस्कार के सम्मानित किया गया है । इन तीनों को बॉडी क्लॉक पर रिसर्च करने के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। दरअसल, बॉडी क्लॉक से हमारे शरीर की जैविक क्रियाओं का पता चलता है । जीव-जंतुओं सहित सभी जीवित प्राणियों के भीतर शारीरिक प्रक्रियाओं में चलने वाला 24 घंटे का चक्र होता है, यह आपके जगने-सोने के समय, हार्मोन के स्राव, शरीर के तापमान सहित विभिन्न शारीरिक प्रकियाओं को नियंत्रित करता है।

इसे मेडिकल की भाषा में 'शरीर घड़ी' या 'जैवलय', 'जैविक घड़ी' कहते हैं, अंग्रेजी में इसे 'body clock', circadian rhythms, Biological rhythms या Biological rhythms कहते हैं । बॉडी क्लाॅक के गड़बड़ होने पर न केवल प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, बल्क‍ि इससे सोचने-समझने और फैसले लेने की क्षमता पर भी असर होता है । यदि हम नियमित दिनचर्या को फॉलो करें तो न केवल अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते है बल्कि खुद को कई बीमारियों से बचा सकते हैं ।

विशेषत: धर्म का अर्थ है धारण करना ,और संस्कृति ; किसी भी सभ्यता का आधारभूत तत्व। सभ्यता के दीर्घकालिक अस्तित्व के लिए ,धर्म और संस्कृति का संयोजन अनिवार्य है। और जब संस्कृति को ही धर्म के रूप में अपना लिया जाता ,तो विकास के लिए अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता नहीं होती। अपितु वो हमारे दैनिक कार्यकलापों से ही परिणीति पाता। संस्कृति को ही यदि धर्म के रूप में अपना लिया जाता ,तो ये विशुद्ध प्राकृतिक रूप होता। हम प्रकृति के अनुरूप ढल कर उसका हिस्सा होते। तब धर्म की परिकल्पना अपने विस्तृत रूप में साकार होती- सर्व कल्याणकारी ,लोकोपकारी...
अपनी जड़ों में लौटिए ,उसके अनुरूप आचरण करिये ,ताकि आने वाले वक्त में मानव विलुप्त प्रजाति की श्रेणी में आने के खतरे से बचा रहे।
-0-